पानीपत: महिला के पैरों पर चढ़ाई गाड़ी, बचाव में आए बेटे व भतीजे काे भी किया घायल

 


पानीपत, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव पट्टी कल्याणा में एक व्यक्ति ने अपनी कार एक महिला के पैरों पर चढ़ा दी। इसके बाद यह व्यक्ति यहीं नहीं रुका उसने महिला के बेटे-भतीजे पर भी चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव पट्टी कल्याणा निवासी कर्मबीर ने गुरुवार काे दी शिकायत में बताया कि उनकी मां मूर्ति देवी घर के सामने गली में खड़ी थीं, तभी आरोपी लखन अपनी गाड़ी लेकर आया और जानबूझकर उनकी मां के पैरों पर गाड़ी चढ़ा दी। मां की चीख-पुकार सुनकर कर्मबीर बाहर निकला तो लखन ने गाड़ी थोड़ी आगे रोकी और अपने साथी काला व हर्ष के साथ नीचे उतर आया। तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और लाठियों से हमला किया। लखन ने तेजधार हथियार से उसपर पर हमला किया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके चेहरे और कान पर गहरे घाव हो गए। चीख पुकार सुनकर उसका भतीजा अमन भी वहां आया तीनों आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ भी मारपीट की। उन्होंने तेजधार हथियार से अमन के चेहरे पर भी हमला कर गहरा घाव कर दिया। पड़ोसियों के एकत्र होने पर तीनों आरोपियों ने कर्मबीर और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने कर्मबीर की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा