पानीपत: अवैध हथियार रखने के शौक ने भेजा जेल, हथियार बरामद
पानीपत, 11 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने पानीपत हरिद्वार बाईपास फ्लाई ओवर पुल के नजदीक एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान रसलापुर गांव निवासी आर्यन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। वह अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस करीब चार महीने पहले यूपी के कैराना में मिले एक अज्ञात युवक से 12 हजार रूपए में खरीदकर लाया था। बाद में वह दोस्तों में रौब दिखाने के लिए अवैध पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा।
पुलिस ने बताया कि उनकी एक टीम शुक्रवार देर शाम को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान पुराना हरिद्वार रोड स्थित रिसपुर मोड़ पर थी। टीम को तभी सूचना मिली की पानीपत हरिद्वार बाइपास स्थित सनौली फ्लाई ओवर पुल के नजदीक संदिग्ध किस्म का एक युवक घूम रहा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान गांव रसलापुर निवासी आर्यन के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुइ लोवर की जेब से एक देसी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। देसी पिस्तौल को खोलकर जांच की तो अनलोड मिला। पुलिस ने आरोपी आर्यन के खिलाफ थाना सनौली में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा