कैथल: तेज रफ्तार बस की टक्कर से सात वर्षीय बच्ची की मौत
कैथल, 16 अप्रैल (हि.स.)।
जिले के गांव सांघन में एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बच्ची की जान चली गई। स्कूल से घर लौट रही मासूम को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना में दी शिकायत में गांव सांघन निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। उसका ताऊ शेर सिंह है, जिसकी बेटी छोटी देवी की शादी गांव अरनो (जिला पटियाला, पंजाब) निवासी जगसीर के साथ हुई थी। करीब चार साल पहले एक हादसे में जगसीर की मौत हो चुकी है। छोटी देवी के तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी नूर थी।
बताया गया कि छोटी देवी इन दिनों अपने तीनों बच्चों के साथ मायके गांव सांघन आई हुई थी। 15 अप्रैल की सुबह करीब नाै बजे नरेश कुमार किसी काम से शिव शिक्षा निकेतन स्कूल की ओर जा रहा था। इसी दौरान नंदसिंहवाला की तरफ से आ रही पंजाब रोडवेज की बस तेज गति से आई और स्कूल से पैदल घर लौट रही नूर को सीधी टक्कर मार दी।
हादसे में नूर सड़क किनारे जा गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्ची को कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद बस चालक ने अपना नाम बलजीत सिंह बताया। शिकायतकर्ता ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सदर थाना के जांच अधिकारी मंजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे