कैथल : तीन दिन के ऑपरेशन आक्रमण में 44 मामले दर्ज, 43 आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कैथल पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर 44 मामले दर्ज किए और 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 15 से 17 सितंबर तक चलाए गए ऑपरेशन आक्रमण के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देने के साथ नाकाबंदी और गश्त के जरिए अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 1045 लीटर लाहण, 338 बोतल हथकढ़ी शराब, 754 बोतल देशी शराब और 42 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। कार्रवाई जिला पुलिस की थाना पुलिस, चौकी प्रभारियों और सीआईए की विभिन्न टीमों ने की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।
डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई केवल तीन दिवसीय अभियान तक सीमित नहीं है। वर्ष 2026 में अब तक जिले में शराब तस्करी और अवैध शराब के कारोबार से संबंधित 385 मामले दर्ज कर 385 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस ने 19,816 लीटर लाहण, 2,942 बोतल हथकढ़ी शराब, 4,728 बोतल देशी शराब और 548 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की हैं। इसके अलावा 11 चलती शराब भट्टियां भी पकड़ी गई हैं। डीएसपी ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों पर पुलिस की नजर है। ऐसे आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और उनकी संपत्ति अटैच कराने की प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे