सीपीए सम्मेलन की सुरक्षा को हरियाणा-चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट
चंडीगढ़, 02 जून (हि.स.)। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के जोन-2 सम्मेलन में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहेगी। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर वीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, एस्कॉर्ट और विभिन्न आयोजन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के उत्तर भारत क्षेत्र के जोन-2 सम्मेलन के मद्देनजर हरियाणा और यूटी चंडीगढ़ के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय हुआ कि 8 से 10 जून तक होने वाली कॉन्फ्रेंस के दौरान हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस का हरियाणा विधान सभा के साथ बेहतर समन्वय के लिए राजपत्रित रैंक के अधिकारी को नोडल ऑफिसर बनाया जाएगा। कॉन्फ्रेंस के शुभारंभ मौके पर लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला को हरियाणा पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके लिए समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के एहतियाती उपायों के अंतर्गत दो मार्शल और सिविल ड्रेस में 25 सुरक्षा अधिकारी मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा कर्मियों के लिए वॉकी-टॉकी व दूसरे संचार उपकरणों के भी प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को बताया गया है कि कॉफ्रेंस से जुड़े आयोजन हरियाणा विधान सभा भवन, द ललित होटल, टैगोर थिएटर, सुखना लेक और पिंजौर स्थित यादविंद्रा गार्डन में होने हैं। इसलिए इन सभी स्थानों पर सुरक्षा और पार्किंग के समुचित प्रबंध किए जाएंगे। इन सभी स्थानों पर वाहनों की गहन जांच भी होगी।
यह भी तय हुआ कि कॉन्फ्रेंस में भाग लेने वाले सभी पीठासीन अधिकारियों, उप-पीठासीन अधिकारियों, विधायकों को राज्यवार पीएसओ, समुचित वाहन व सुरक्षा उपलब्ध करवायी जाएगी। पीठासीन अधिकारियों, उप-पीठासीन अधिकारियों के लिए उचित सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की जाएगी।
कॉन्फ्रेंस के बाद हरियाणा, पंजाब और हिमाचल के दर्शनीय स्थलों के भ्रमण का भी कार्यक्रम है। इसके लिए भी एस्कॉर्ट और पायलेट की समुचित व्यवस्था करने पर विचार हुआ। बैठक में हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंहल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) सौरभ सिंह, चंडीगढ़ पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत सिंह हुड्डा समेत अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा