कैथल: गोशालाओं को अब साल में दो बार मिलेगी ग्रांट, मार्च व सितंबर में जारी होगी राशि

 


कैथल, 28 सितंबर (हि.स.)। गोशालाओं में गोवंश के रख-रखाव को लेकर अब साल में चार की बजाय दो बार ग्रांट जारी की जाएगी। यह राशि गेहूं और धान के सीजन से पहले मार्च और सितंबर में गोशालाओं को दी जाएगी। इसके अलावा गोशालाओं को जल्द ही ई-रिक्शा उपलब्ध करवाने की योजना भी है।

यह जानकारी गो सेवा आयोग के चेयरमैन रामचंद्र कांबोज ने सोमवार को नीम साहिब गुरुद्वारा मार्ग स्थित गोपाल गोशाला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी। चेयरमैन बनने के बाद पहली बार कैथल पहुंचे कांबोज का जिला गोशाला महासंघ के प्रधान आनंद शर्मा करोड़ा सहित गोशाला संचालकों ने स्वागत किया। कांबोज ने कहा कि गोशालाओं से जुड़ी समस्याओं और संचालकों के सुझावों पर सीधे जानकारी लेने के लिए वह हर जिले में महीने में एक बैठक करेंगे। उनका कहना था कि गोशालाओं में गोवंश के रख-रखाव से संबंधित जो भी समस्याएं सामने आएंगी, उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले साल में चार बार ग्रांट जारी होती थी, लेकिन राशि मिलने में देरी की शिकायतें सामने आ रही थीं। अब साल में दो बार ग्रांट देने की व्यवस्था की गई है। मार्च में गेहूं के सीजन से पहले और सितंबर में धान के सीजन से पहले राशि मिलने से गोशाला संचालकों को गोवंश के चारे और रख-रखाव की व्यवस्था करने में सुविधा होगी।

सड़कों से बेसहारा गोवंश हटाने के लिए बनेंगे गो अभयारण्य

चेयरमैन ने कहा कि सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंश को आश्रय देने के लिए हर जिले में गो अभयारण्य बनाए जाएंगे। कई जिलों में इनका निर्माण हो चुका है। इन अभयारण्यों में बेसहारा गोवंश को रखने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।

उन्होंने लोगों से गोवंश को सड़कों पर न छोड़ने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि कोई व्यक्ति गोवंश को सड़कों पर छोड़ता है तो इसकी सूचना प्रशासन को दी जाए। गोशाला संचालकों से भी उन्होंने गोवंश के रख-रखाव में लापरवाही नहीं बरतने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में गो सेवा आयोग की पूर्व चेयरमैन सुमन गुप्ता, जिला गोशाला महासंघ के प्रधान आनंद शर्मा करोड़ा, समाजसेवी सुमेर चौधरी, आयोग सदस्य सतीश मुंजाल, प्रदीप सिंगला, पुरुषोत्तम, मदन मंगला, रणधीर, हरिश, मोनू बालू, यशपाल सेतिया, रमेश बंसल, सतनारायण, लज्जा राम और नरेंद्र कुमार सहित विभिन्न गोशालाओं के संचालक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे