नूंह पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा गो-तस्कर, पांच गोवंश मुक्त
नूंह, 22 जुलाई (हि.स.)। नूंह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक गो तस्कर को काबू कर लिया जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पांच गोवंश को मुक्त कराने के साथ एक अवैध हथियार और एक पिकअप वाहन भी बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नूंह में भर्ती कराया गया है।
नूंह पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षक डॉ.सुनील, प्रभारी सीएस स्टाफ टीम नूंह के नेतृत्व में गठित एक टीम गो-तस्करी और गौकशी संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए आकेड़ा-सिकरावा रोड पर गांव रीठठ के पास नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक पिकअप में गोवंश को लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने नाका तोड़ दिया और वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने वाहन का पीछा किया और कंट्रोल रूम को भी सूचना दी। पीछा करते हुए वाहन उजीना-संगेल रोड होते हुए चन्देनी ड्रेन की पटरी की ओर पहुंचा। जहां आगे रास्ता खराब होने के कारण दोनों आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
गिरफ्तार घायल आरोपी की पहचान ईरशाद निवासी रूपड़ाका, हाल निवासी जलेबा खां कॉलोनी, हथीन के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें चार गाय और एक बछड़ा जीवित अवस्था में मिले। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नूंह सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया