हिसार : जलघर के टैंक में डूबने से दंपति की मौत, ढाई साल के बच्चे को बचाया

 




पत्नी को बचाने के लिए

पति ने भी टैंक में लगाई छलांग, दोनों ने अस्पताल में तोड़ा दम

हिसार, 16 अक्टूबर

(हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव गैबीपुर के जलघर में एक टैंक में डूबने से

पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनके ढाई वर्षीय बच्चे को टैंक से सुरक्षित निकालकर बचा

लिया गया। बच्चे को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी

हालत सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने मौके

पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी एएसआई

फलेल सिंह ने बताया कि गांव गैबीपुर निवासी करीब 32 वर्षीय राजकुमार की पत्नी सुनीता

अपने ढाई वर्षीय बच्चे को लेकर शुक्रवार शाम जलघर के टैंक में कूद गई। पत्नी को बचाने के लिए राजकुमार

ने भी टैंक में छलांग लगा दी। इस दौरान दोनों पति-पत्नी पानी में डूब गए। टैंक के पास

काम कर रहे दो युवकों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी

जान बच गई। इसके बाद पति-पत्नी को भी टैंक से निकालकर तुरंत बरवाला के सामुदायिक स्वास्थ्य

केंद्र एवं उपमंडल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित

कर दिया। दोनों के शव नागरिक अस्पताल हिसार भेज दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शनिवार

को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

प्रारंभिक जानकारी के

अनुसार, पति-पत्नी के बीच आपसी कलह को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि,

पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम व अन्य जांच के

बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर