सोनीपत: पिंजरे में बैठ जंजीरों से बंधे घोड़ा गाड़ी में सवार होकर बैठक में पहुंचे जिला पार्षद

 


-जिला परिषद सदस्यों को कोटा व अधिकार

देने की मांग

सोनीपत, 23 जून (हि.स.)। सोनीपत में जिला परिषद की बैठक में जिला पार्षद संजय बड़वासनिया

ने मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। वह घोड़ा गाड़ी पर पिंजरे में

बैठकर तथा स्वयं को जंजीरों से बांधकर बैठक में पहुंचे। उन्होंने कहा कि पंचायती राज

की सबसे बड़ी संस्था होने के बावजूद जिला परिषद सदस्यों के लिए अलग से कोई कोटा निर्धारित

नहीं है। सदस्यों को केवल बैठकों में मिलने वाली ग्रांट पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे

आपात स्थिति में विकास कार्य कराना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने जिला परिषद सदस्यों

के लिए अलग ग्रांट और प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की।

संजय

बड़वासनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी और तीसरी किस्त लंबे समय से

जारी नहीं हुई है। लगभग एक वर्ष पहले पहली किस्त जारी की गई थी, लेकिन उसके बाद लाभार्थियों

को राशि नहीं मिली। इसके कारण अनेक परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई परिवार कर्ज लेकर मकान बना चुके हैं, जबकि कई मकान अभी अधूरे पड़े हैं। उन्होंने

सरकार और प्रशासन से जल्द दूसरी व तीसरी किस्त जारी करने की मांग की।

उन्होंने

फैमिली आईडी की त्रुटियों को दूर करने के लिए विशेष शिविर लगाने, कटे हुए पीले राशन

कार्ड दोबारा जोड़ने तथा जोहड़ों के आसपास मकान गिरने की आशंका वाले परिवारों को सरकारी

सहायता से मकान उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। संजय

बड़वासनिया ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराध की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा

कि लूट, हत्या, अपहरण, डकैती और फिरौती जैसी वारदातों से आम लोग असुरक्षित महसूस कर

रहे हैं।

उन्होंने करेवड़ी से जुआ रोड के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने

की मांग करते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है। बैठक

में जिला पार्षद संत कुमार, जिला पार्षद रवि इंदौरा, जिला पार्षद प्रतिनिधि यशपाल बजाना,

जिला पार्षद देवेंद्र, जिला पार्षद राजेश ऋतुराज तथा जिला परिषद प्रतिनिधि कुलदीप सहित

अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना