पानीपत: हरियाणा एग्रो डिस्कॉम नोटिफिकेशन की बिजलीकर्मी ने जलाई प्रतियां
पानीपत, 16 जून (हि.स.)। पानीपत स्थित
इसराना पावर सब-डिवीजन में ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मंगलवार काे धरना देकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सरकार द्वारा लाए गए हरियाणा एग्रो डिस्कॉम नोटिफिकेशन की प्रतियां भी जलाई गईं।
ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन सब-डिवीजन इसराना के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार बिजली बोर्ड के दोनों निगमों को खत्म कर हरियाणा एग्रो डिस्कॉम के तहत निजीकरण करना चाहती है। अतः यूनियन किसी भी कीमत पर सरकार के इस तानाशाही फरमान की मंसा को कभी भी पूरा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कर्मचारी इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा कर्मचारी संघ स्मार्ट मीटर का विरोध करता है। उनके अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने से आम उपभोक्ता पर अत्यधिक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, क्योंकि सरकार निजी कंपनियों के साथ मिलकर उपभोक्ताओं को अनावश्यक चार्ज लगा कर ओर फास्ट रीडिंग निकलकर दोनों हाथों से लूट कर निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाना चाहती है। सब-यूनिट प्रधान धर्मवीर ने बताया कि बिजली बोर्ड का काम तकनीकी प्रकृति का है। पुराने कर्मचारियों को समस्याओं की जानकारी होती है, लेकिन नए नियमों से आने वाले कर्मचारियों को बिजली लाइनों की जानकारी न होने के कारण दुर्घटनाएं बढती जा रही है।
बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने सुबह से दोपहर तक सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ कर जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कैशियर जितेंद्र, जेई राजेश, विनोद जेई सचिव संदीप राठी, सहसचिव संजू, सीसी मेंबर राजेश शर्मा, और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा