हिसार : उकलाना के स्कूल में पहुंचीं सांसद सैलजा, विद्यार्थियों से की बातचीत

 


सांसद सैलजा ने शिक्षा व्यवस्था पर दिया जोर,

कहा- हर बच्चे को मिले बेहतर माहौल

दौरे के दौरान अध्यापकों से किया संवाद, बच्चों

को सपने पूरे करने के लिए किया प्रेरित

हिसार, 04 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस की राष्ट्रीय

महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा ने हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिले के विभिन्न क्षेत्रों

में अपने दौरे के दौरान उकलाना स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण

किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर बच्चों और अध्यापकों से आत्मीय

मुलाकात की।

विद्यालय में बच्चों से रूबरू होते हुए सांसद

सैलजा ने शनिवार काे उनके गजब के उत्साह, आत्मविश्वास और सीखने की ललक की जमकर सराहना की। उन्होंने

बेहद भावुक अंदाज में कहा कि इन नन्हे-मुन्नों का जोश देखकर असीम खुशी हुई है।

यही ऊर्जावान बच्चे हमारे देश का स्वर्णिम भविष्य हैं। उन्होंने सभी बच्चों को पूरी

मेहनत, लगन और कड़े अनुशासन के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर

पर उन्होंने स्कूल के शिक्षक वर्ग से भी विस्तृत चर्चा की और शैक्षणिक माहौल को और

अधिक परिणामोन्मुखी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। उन्होंने जोर देकर

कहा कि आज यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि बच्चों को एक ऐसा सुरक्षित और सकारात्मक

वातावरण उपलब्ध कराएं जहां वे बिना किसी डर या तनाव के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त

कर सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें।

इस दौरान कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट हरियाणा

के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने भी शिरकत की और शिक्षा के अधिकार व बच्चों

के बेहतर भविष्य पर अपने विचार रखे। इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य व्यक्ति,

अभिभावक, कांग्रेस कार्यकर्ता करण सिंह नैन, विजेंद्र कपूर, राजेश भुटानी, हरिकिशन

प्रभुवाला, वीरेंद्र सेलवाल, नरेश पहलवान, जगदीश बिश्नोई, मंशा राम, लीगल डिपार्टमेंट

के स्टेट मीडिया कॉर्डिनेटर एडवोकेट बजरंग इंदल एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद

रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर