हिसार : टोल प्रबंधन व मृतक के परिजनों के बनी सहमति, पोस्टमार्टम के लिए माने
मृतक के परिजनों को कंपनी देगी 20 लाख, पीएफ व अन्य भत्ते भी मिलेंगे
हिसार, 24 जून (हि.स.)। बरवाला क्षेत्र के बाडो पट्टी टोल के शिफ्ट मैनेजर
संजय शुक्ला की हत्या मामले में टोल प्रबंध व परिवार के बीच चल रहा विवाद बुधवार शाम
सहमति के बाद निपट गया। टोल प्रबंधन द्वारा मांगे मानने के बाद परिजनों ने संजय का
पोस्टमार्टम करवाने की सहमति दे दी।
इससे पहले मृतक संजय शुक्ला के परिजनों ने टोल प्रबंधन के समक्ष मांग उठाई
कि मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपये मुआवजा, पीएफ व अन्य भत्ते जो देय बनते हैं वो,
मृतक की पत्नी को कंपनी में नौकरी सहित अन्य दिए जाएं। इसी मसले पर परिजन दो दिन से
पोस्टमार्टम के लिए नहीं मान रहे थे। बुधवार सायं कंपनी ने मांगे मानते हुए परिजनों
को 20 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। इसके तहत 10 लाख रुपये तुरंत दिए जाएंगे जबकि
बाकी 10 लाख किश्तों में दिए जाएंगे। इसके अलावा पीएफ व अन्य भत्ते भी मृतक के परिजनों
को टोल कंपनी देगी। इन मांगों के मानने के बाद परिजनों ने संजय का पोस्टमार्टम करवाने
की सहमति दे दी।
इससे पहले बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल विवाद में शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला
की हत्या के बाद उनके परिजन न्याय और आर्थिक सहायता की मांग पर टोल प्लाजा पहुंचे।
दोपहर करीब एक बजे मृतक के परिजनों ने टोल प्रबंधन के साथ बातचीत की और अपनी मांगें
रखीं। इस दौरान बरवाला थाना प्रभारी दलबीर सिंह पूनिया भी मौके पर मौजूद रहे और परिजनों
व टोल प्रबंधन के बीच बातचीत करवाई। परिजनों की ओर से मुख्य मांगें रखी गईं कि मृतक
संजय शुक्ला की पत्नी को कंपनी में नौकरी दी जाए, परिवार को कंपनी की ओर से 20 लाख
रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए, मामले में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया
जाए तथा पूरे घटनाक्रम से जुड़ी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध करवाई जाए। बैठक
के दौरान मृतक के साले बृजेश, फूफा और अन्य परिजन भी मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में
कहा कि परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर