हिसार : गांव-गांव पहुंचेगी कांग्रेस, हलका स्तर पर होंगी बैठकें: बृजलाल
मासिक बैठक में संगठन मजबूती और ब्लॉक स्तरीय सम्मेलनों को लेकर मंथन
हिसार, 10 सितंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कांग्रेस भवन
में गुरुवार को जिला अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन
को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव
तक पहुंचाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने को लेकर सुझाव दिए। निर्णय
लिया गया कि आगामी दिनों में प्रत्येक हलके में अलग बैठक आयोजित कर ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों
और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया जाएगा। इसके अलावा ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों
और अधिवेशनों को लेकर भी सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन
सम्मेलनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेसजनों
व आम लोगों को भी कार्यक्रमों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके
मेहनती कार्यकर्ता हैं और संगठन को बूथ से लेकर गांव के अंतिम छोर तक मजबूत करने के
लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए
सुझावों पर गंभीरता से विचार किया गया है तथा संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक कदम उठाए
जाएंगे। बैठक में एआईसीसी सदस्य राजेश संदलाना, किसान यूनियन प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग
सिंह हुड्डा, पूर्व चेयरमैन सुखबीर सिंह डूडी, नलवा ब्लॉक अध्यक्ष रमेश श्योराण सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर