सिरसा: बढ़ती महंगाई व नीट परीक्षा रद्द होने पर भडक़ी कांग्रेस

 


सिरसा, 20 मई (हि.स.)। बढ़ती महंगाई व नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। बाद में उपायुक्त को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस प्रकरण ने देश के लगभग 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गहरा आघात पहुंचाया है।

लाखों छात्र-छात्राएं मानसिक तनाव और अवसाद का सामना कर रहे हैं। यह कोई पहला अवसर नहीं है जब किसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आई हों। विगत वर्षों में भी अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में इस प्रकार की अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित पेपर लीक माफिया का नेटवर्क है, जो युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि देश के युवाओं का विश्वास पुन: स्थापित हो सके।

विशेष रूप से किसान वर्ग इस वृद्धि से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। ट्रैक्टर, ट्यूबवेल, हार्वेस्टर एवं अन्य कृषि यंत्रों के संचालन में डीजल की अत्यधिक आवश्यकता होती है। डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण खेती की लागत में भारी वृद्धि हुई है, जिससे किसानों की आय और आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। इस मौके पर नरेश मलिक, केआर पिलानिया, नरेंद्र शर्मा,विकास ढिल्लों, संतोष कटारिया, चंचल, जतिन, अलका, राजेंद्र कासनिया, सुभाष सरपंच, मांगेराम सरपंच, रामकुमार खैरेकां, हरिसन विलियम, सतपाल मेहता, वेदपाल डांगी, लखविंदर कंडा, सुखदेव सिंह करीवाला आदि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma