कैथल: राज्यसभा सदस्य ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

 


कैथल, 05 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत चौपाल कार्यक्रम के अंतर्गत पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस कैथल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सदस्य एवं कैथल के पर्यवेक्षक कर्मवीर बौद्ध ने शिरकत की। उनके साथ गुहला-चीका से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस और जिला कांग्रेस कमेटी कैथल के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कर्मवीर बौद्ध ने गुरुवार को यहां भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और आम नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश में वोट चोरी का मुद्दा लोकतंत्र के सामने गंभीर सवाल बनकर उभरा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी कैथल के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर रचनात्मक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश रोड, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोरा सिंह सिनंद, युवा उपाध्यक्ष राहुल गोरसी, सेवादल कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिक्रम सिंह, केकेसी जिलाध्यक्ष मेहर सिंह, लख्मीचंद पबनावा, महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष सुशीला शर्मा, कैथल ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप चहल, कलायत ब्लॉक अध्यक्ष दलबीर सिंह, पंचायतीराज जिलाध्यक्ष कर्मवीर शर्मा, जिला महासचिव रामनिवास मेहरा मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे