सिरसा: तेल कीमतों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
सिरसा, 16 मई (हि.स.)। केंद्र सरकार द्वारा पेट्रो पदार्थों के दामों में वृद्धि किए जाने पर सिरसा में महिला कांगे्रस ने शनिवार को रोष प्रदर्शन कर सरकार से इस निर्णय को वापस लेने की मांग की है। जिला महिला कांग्रेस की प्रधान कृष्णा फौगाट के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्र सरकार से इसे अविलंब वापस लेने की मांग की। कृष्णा फौगाट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विभिन्न प्रदेशों के चुनाव संपन्न होते ही देशवासियों पर तेल के रेट बढ़ाकर उनकी कमर तोडऩे का काम किया है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार बढ़ोतरी से महंगाई और बढ़ेगी, जिसका असर हर वर्ग पर पड़ेगा। फौगाट ने कहा कि पहले से ही महंगाई से परेशान जनता को अब परिवहन, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ेगा। भाजपा सरकार की नीतियां केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली हैं, जबकि आम नागरिक की परेशानियों की कोई चिंता नहीं की जा रही। उन्होंनेे कहा कि भाजपा शासन में आज भय, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महंगाई का बोलबाला है जिसे सरकार निरंतर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही आम जनता का भरोसा अब भाजपा से पूरी तरह से उठ चुका है। इस प्रदर्शन में कृष्णा भांभू, शकुंतला न्यौल, पिंकी गुप्ता, पूजा न्यौल, सावित्री ढाका, शालिनी ढाका, प्रभजोत, प्रियंका झोरड़ व प्रियंका आदि महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma