हिसार : पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि व नीट पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

 


नीट पेपर लीक और महंगाई ने युवाओं व आमजन को

निराश किया : बृजलाल बहबलपुरिया

हिसार, 18 मई (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस

कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों

के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ी

हुई कीमतों तथा नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया

और उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए जिला अध्यक्ष बृजलाल

बहबलपुरिया ने साेमवार काे कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा का पेपर

लीक होना देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। इस घटना ने लगभग

22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। बार-बार

प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आना इस बात का प्रमाण है कि देश

में संगठित पेपर लीक माफिया सक्रिय है, जो युवाओं के सपनों को कुचलने का काम कर रहा

है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।

बृजलाल बहबलपुरिया ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों

में बढ़ोतरी पर भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने एक बार

फिर आम जनता पर महंगाई का बोझ डालने का काम किया है। पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी की कीमतों

में वृद्धि का सीधा असर परिवहन, कृषि, उद्योग तथा रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर

पड़ता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर