हरियाणा में कांग्रेस के संगठन का जल्द होगा विस्तार
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने की राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े से बैठक
चंडीगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में कांग्रेस के संगठन का जल्द विस्तार हो सकता है। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों तथा पार्टी की गतिविधियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरग़े के साथ मुलाकात कर मंथन किया।
आज हुई बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच हरियाणा के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य, प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। राव नरेंद्र ने बताया कि खरग़े के साथ उनकी मुलाकात के दौरान पिछले दो महीनों के दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित विभिन्न संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों तथा केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी द्वारा आयोजित किए गए धरना-प्रदर्शनों एवं आंदोलनों की विस्तृत जानकारी कांग्रेस अध्यक्ष को दी।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान आगामी तीन महीनों के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा तैयार किए गए रोडमैप पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सक्रिय एवं संगठित करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में निरंतर कार्यक्रम एवं जनआंदोलन चलाने की आगामी कार्ययोजना से भी खरग़े को अवगत कराया।
राव नरेंद्र के अनुसार,मल्लिकार्जुन खाग़े ने पिछले दो महीनों के दौरान प्रदेश कांग्रेस द्वारा किए गए संगठनात्मक कार्यों एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों तथा आगामी तीन महीनों के लिए तैयार रोडमैप पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं सुझावों से हरियाणा में प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक प्रयासों को नई गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठन को हर स्तर पर मजबूत करने तथा प्रदेश की जनता के मुद्दों और चिंताओं को निरंतरता एवं मजबूती के साथ उठाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा