क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस के दो विधायकों का जवाब, नहीं की गद्दारी

 


चंडीगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। राज्य सभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों में घिरे विधायकों ने कारण बताओ नोटिस का जवाब देना शुरू कर दिया है।

नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी और रतिया विधायक जरनैल सिंह ने नोटिस का जवाब देते हुए स्पष्ट किया, हम कांग्रेस के सच्चे सिपाही’ हैं। दोनों विधायकों ने क्रॉस वोटिंग के आरोपों को नकारते हुए खुद को पार्टी का समर्पित और अनुशासित सिपाही बताते हुए नोटिस के जवाब में उल्लेख किया कि उन्होंने र्टी उम्मीदवार को ही अपनी वोट दी थी।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस अनुशासनात्मक समिति की सख्ती पर बागी विधायकों का जवाब देने का सिलसिला शुरू हो गया है। समिति की ओर से पांच विधायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिनमें से दो विधायकों ने समिति को अपना जवाब भेजा है। हालांकि, अभी तीन विधायकों का जवाब आना बाकी है।

बता दें कि 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में पांच विधायकों ने पार्टी प्रत्याशी कर्मबीर बौद्ध की बजाय निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को वोट किया था। क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस हाईकमान की सख्ती के बाद 18 मार्च को अनुशासनात्मक समिति ने नारायणगढ़ विधायक शैली चौधरी, सढौरा विधायक रेणू बाला, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास और हथीन विधायक मोहम्मद इजराइल को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जबकि 20 मार्च को रतिया विधायक जरनैल सिंह के साथ दोबारा सभी चारों विधायकों को कारण बताओ नोटिस थमाया गया था। इनमें से दो विधायकों द्वारा जवाब दिया गया है, जबकि सढौरा, पुन्हाना और हथीन विधायक का जवाब आना बाकी है।

30 मार्च को दिल्ली में होगी विधायक दल की बैठकराज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने वाले पांचों विधायकों पर फैसला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लिया जाएगा। 30 मार्च को नई दिल्ली में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक में सभी विधायकों को बुलाया गया है। अब देखना होगा कि 30 मार्च को होने वाली बैठक में पांचों बागी विधायक हिस्सा लेते हैं या नहीं। अगले हफ्ते कांग्रेस अनुशासनात्मक समिति की चंडीगढ़ में बैठक होगी, जिसमें पांचों विधायकों पर औपचारिक रूप से फैसला सुनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा