हरियाणा में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सीएम से मिले कांग्रेस विधायक
चंडीगढ़, 24 जून (हि.स.)। हरियाणा में कानून
व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार रात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश
में बढ़ती आपराधिक घटनाओं तथा महम से विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर हुई
फायरिंग की घटना को गंभीरता से उठाते हुए मुख्यमंत्री से प्रभावी कार्रवाई की मांग
की।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में वरिष्ठ विधायक अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, बलवान दौलतपुरिया, बलवान दांगी,
इंदुराज नरवाल, देवेंद्र हंस, जस्सी पेटवाड़, रामकरण काला, चंद्र प्रकाश और
विकास सहारण शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश में कानून
व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। विशेष रूप से महम विधायक
बलराम दांगी के कार्यालय पर हाल ही में हुई फायरिंग की घटना का उल्लेख करते हुए
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की
मांग की गई।
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि
कानून व्यवस्था के मामलों में सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि आम लोगों में
सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो सके। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को
गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री
आवास पर हुई यह मुलाकात प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच
संवाद का महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा