निकाय चुनाव: कांग्रेस ने घोषणा पत्र में दिया ग्रीन सिटी,क्लीन सिटी का नारा
-हुड्डा व प्रदेश अध्यक्ष समेत कई नेताओं ने जारी किया घोषणा पत्र
-शहरी क्षेत्रों के लिए बनेगा अलग से ट्रैफिक प्लान
चंडीगढ़, 26 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में आगामी दस मई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने ग्रीन सिटी,क्लीन सिटी का नारा दिया है। अन्य राजनीतिक दलों के मुकाबले सबसे पहले प्रत्याशियों का ऐलान करने वाली कांग्रेस ने सबसे पहले चुनाव घोषणा पत्र जारी किया है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की मौजूदगी में चुनाव घोषणा पत्र समिति की अध्यक्ष गीता भुक्कल ने रविवार की शाम चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में घोषणा पत्र जारी किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन वादों के साथ भाजपा सत्ता में आई थी उनकी 11 वर्षों से अनदेखी हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने अपने घोषणा पत्र में शहरों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ग्रीन सिटी क्लीन सिटी अभियान चलाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही पार्कों, चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण भी प्रमुख रहेगा।
कांग्रेस ने प्रदेश के नगर निकायों में भ्रष्टाचार चरम पर होने का दावा करते हुए कहा है कि इन्हें भ्रष्टाचार युक्त से भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा।
शहरोंं क्षेत्रों में मंडियो, मार्केट, चौराहों, बस अड्डों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे। कचरे की समस्या को घोषणा पत्र में उभारते हुए कांग्रेस ने हर घर से कूड़ा लेने की प्रक्रिया को सुधारने की बात कही है।
जल आपूर्ति में सुधार, सडक़ों में सुधार, गलियों को पक्का करने जैसे मामलों को घोषणा पत्र में शामिल करते हुए कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों की सभी मार्केट में महिला शौचालयों की संख्या बढ़ाने का वादा किया है।
प्रदेश में बढ़ रही ट्रैफिक व्यवस्था के मद्देनजर कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों के लिए अलग से ट्रैफिक प्लान बनाने का वादा मतदाताओं से किया है। इसके अलावा मल्टीस्टोरी पार्किंग का निर्माण करने, बंदरों के आतंक से लोगों को छुटकारा दिलाने, प्रापर्टी आईडी में सुधार करने, प्रत्येक वार्ड में वाई-फाई युक्त लाइबे्ररी सुविधा प्रदान करने की बात कही गई है। कांग्रेस ने निगम क्षेत्रों में आने वाले गांवों में कम्यूनिटी सेंटरों, बारात घरों तथा स्टेडियम निर्माण, मॉडल ग्राम विकसित करने, निकाय सीमा वाले गांवों में बिजली व पानी की व्यवस्था मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में सीसीटीवी लगाने, गांव स्तर पर सरकारी कार्यों के लिए निगम की शाखा के रूप में सेवा केंद्रों की स्थापना का सपना शहरी ग्रामीणों को दिखा है।
प्रवासी मतदाताओं पर अपना ध्यान केंद्रित करते हुए कांग्रेस ने शहरी क्षेत्रों में दशहरा, छठ पूजा आदि के लिए अलग से प्रबंध करने का वादा किया है। इस अवसर पर पार्टी के विधायक आफताब अहमद, बीबी बत्तरा, मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, के अलावा कई नेता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा