सिरसा: भूपेंद्र हुड्डा ने रखा भाजपा के हाथों कांग्रेस को गिरवी: चौटाला

 


सिरसा, 11 जुलाई (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के नौ विधायकों ने राज्यसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान कर यह प्रमाणित कर दिया है कि कांग्रेस ही सही मायने में भाजपा की बी टीम के रूप में हरियाणा में कार्य कर रही है। अभय चौटाला शनिवार को सिरसा के ऐलनाबाद हलके मेंं ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में भाजपा के हाथों कांग्रेस को गिरवी रखकर तीसरी बार सरकार बनाने में मदद की है। अभय ने कहा कि इनेलो ने अपने शासन में सही मायने में किसानों, गरीबों, व्यापारियों, महिला सुरक्षा आदि का प्रबंध कर सभी वर्गों के हितों का ख्याल रखा था। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने ही ऐलनाबाद में घग्घर से नहरें निकलवाकर उनके खेत खलिहानों को सिंचित करवाया। भाजपा शासन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद भी उपलब्ध नहीं हो रही है और किसानों को खाद की कालाबाजारी का शिकार होना पड़ रहा है जो शर्मनाक है।

इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, पवन बेनीवाल, विनोद बेनीवाल, होशियार सिंह खोड, जसविंद्र सिंह बिंदु, महेंद्र बाना, गुरतेज सिंह, भगवान कोटली, सूरजभान बोमरा, विनोद रोज, जसवीर शीलू आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma