कांग्रेस ने गरीबों को केवल झूठे वादे दिए:नायब सैनी

 


भाजपा सरकार ने हर पात्र तक पहुंचाया योजनाओं का लाभ

पहली बार पात्र लाभार्थियों को घर बैठे मिल रहा है योजनाओं का लाभ

चंडीगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार ने पारदर्शिता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना का उद्देश्य गरीब, किसान, युवा, महिला, बुजुर्ग और समाज के वंचित वर्गों का जीवन आसान, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाना है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को हरियाणा निवास में डीबीटी कार्यक्रम के दौरान पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में गरीबों, किसानों, युवाओं और बुजुर्गों के नाम पर केवल वादे किए, जबकि वर्तमान सरकार ने उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुनावी घोषणाओं और झूठे वादों के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास करती रही हैं, जबकि डबल इंजन सरकार जनता से किए गए प्रत्येक संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बुजुर्गों को वृद्धावस्था सम्मान भत्ता बनवाने के लिए वर्षों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे। उन्हें जगह-जगह सिफारिशें करनी पड़ती थी और अनेक प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबों की स्थिति बदलने के बजाय उन्हें और अधिक गरीबी की ओर धकेला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों के साथ सबसे बड़ा मजाक किया।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों से 100 गज के प्लॉट देने जैसे अनेक वादे किए, लेकिन न तो प्लॉट दिए और न ही किसी को उसका अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल झूठे आश्वासनों और चुनावी वादों तक सीमित रही है।

पंजाब सरकार पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पड़ोसी राज्य में भी जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए गए, लेकिन उन्हें धरातल पर नहीं उतारा गया। उन्होंने कहा कि किसानों से उनकी फसल खरीदने और युवाओं को रोजगार देने जैसे अनेक वादे केवल वोट हासिल करने के लिए किए गए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ और सत्ता के लालच में जनता से झूठे वादे किए गए।

उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान राज्य सरकार 50 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्त कर चुकी है। आज हरियाणा में प्रतिभा और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को पहले कांग्रेस ने राज्य को नशे के दलदल में धकेला और अब आम आदमी पार्टी भी इस चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अवसर देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में ठोस कार्य करने की आवश्यकता है, केवल घोषणाएं करने से काम नहीं चलता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, लेकिन देश को अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ा सकी। उन्होंने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस देश की तस्वीर बदलने में सफल नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा