कांग्रेस ने मनरेगा योजना का नाम बदलने पर जताया कड़ा विरोध, भाजपा का फूंका पुतला

 


विधायक बीबी बतरा बोले, भाजपा देश को तोडऩे का कर रही काम

साजिश के तहत मनरेगा का बदला नाम, महात्मा गांधी के सिद्धांतो के खिलाफ देश में काम कर रही भाजपा

रोहतक, 21 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा द्वारा मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर वीबी जी राम जी नाम रखने पर कांग्रेस पार्टी ने कडे शब्दों में निंदा की और रविवार को सैकडों कार्यकर्त्ताओं ने सडक़ पर उतर कर इसका विरोध जताया और भाजपा सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि भाजपा देश को तोडऩे का काम कर रही है और इसी साजिश के तहत मनरेगा योजना का नाम बदला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी के सिद्धांतो के खिलाफ भाजपा देश में काम कर रही है।

बतरा ने कहा कि भाजपा की ऐसी कौन सी मजबूरी थी कि सरकार बनने के 11 साल बाद मनरेगा का नाम बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि योजना में बदलाव कर सकते थे, लेकिन महात्मा गांधी का नाम हटाने की जरूरत क्यों पड़ी। नाम बदलकर इसमें राम को लाया गया है। एक साजिश के तहत भाजपा ने महात्मा गांधी का नाम हटाया है। उन्होंने कहा कि कुछ विघटन शक्तियां है जो देश को तोडऩे के प्रयास में लगी है। महात्मा गांधी का नाम योजना से हटाने पर देश की जनभावना को भारी ठेस पहुंची है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज के ताने बाने को तोडऩे का काम कर रही है। कभी हिंदू-मुसलमान तो कभी दलितों का नारा देकर आपस में लड़वाने का काम कर रही है। बतरा ने कहा कि कांग्रेस देश के संविधान की रक्षा करने के लिए खड़ी है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, चांदवीर हुड्डा, शहरी जिला अध्यक्ष कुलदीप केडी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष बलवान रंगा, राकेश गर्ग, गीता भारती, मुकेश श्योराण, चक्रवर्ती शर्मा, सतीश बंधु, अभिमन्यु, विजय गोयल, निर्मला बल्हारा, मोनू शर्मा, परमजीत पम्मी, सोनू बतरा, विकास परमार, सुनील बडक, सुदेश हुड्डा, कविता शर्मा, शुलभ गुगनानी, रविश ग्रेवाल, अनुराग शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल