कांग्रेस का ऐलान 26 को पंचकूला में होगा ‘संविधान रक्षा मार्च’
चंडीगढ़, 23 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के देशव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ’ एवं ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
एआईसीसी प्रभारी हरियाणा संजय दत्त, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की ओर से हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं के नाम सोमवार को जारी किए गए पत्र के अनुसार भाजपा द्वारा कथित ‘वोट चोरी’, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली व निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे/हटाने, जवाबदेही तय करने और चुनावी प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच की मांग दोहराई गई है।
जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों से व्यापक जनसंपर्क और लामबंदी सुनिश्चित करने के साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र और कोने-कोने से कांग्रेसजनों की अधिकतम भागीदारी जुटाने का आग्रह किया गया है।
पत्र में वर्तमान व पूर्व सांसदों और विधायकों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों व डेलिगेट्स, एआईसीसी पदाधिकारियों व सदस्यों, जिला व ब्लॉक अध्यक्षों, अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के पदाधिकारियों, पूर्व प्रत्याशियों, बी.एल.ए.1 तथा अग्रणी संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के राज्य स्तरीय प्रमुखों को शामिल किया गया है। संविधान रक्षा मार्च 26 नवंबर को पंचकूला के सेक्टर 26 से आयोजित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा