हिसार : चुनाव सुधारों से भाग रहा इंडिया गठबंधन: सुभाष बराला
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद ने विपक्ष
पर जड़े आरोप
हिसार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने चुनाव सुधारों और
एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने
कहा कि भाजपा हमेशा चर्चा के लिए तैयार रहती है, लेकिन कांग्रेस ने घुसपैठियों के मुद्दे
पर सदन का बहिष्कार किया।
भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में सुभाष बराला ने शुक्रवार काे आरोप लगाया कि
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जब एसआईआर को लेकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कथित
झूठ का पर्दाफाश किया तो विपक्षी नेता चर्चा से भाग खड़े हुए। उन्होंने स्पष्ट किया
कि विपक्ष चाहे जितनी बार सदन का बहिष्कार करे, भाजपा किसी भी घुसपैठिए को मतदान का
अधिकार नहीं देने के अपने रुख पर कायम है। उन्होंने बताया कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य
मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है। इसके तहत मृत एवं दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं
के नाम हटाने, पात्र युवाओं के नाम जोड़ने तथा अपात्र मतदाताओं की पहचान करने का कार्य
किया जाता है। कांग्रेस शासन के दौरान भी 1957, 1965 और 1983 सहित कई बार यह प्रक्रिया
अपनाई गई। उन्होंने कहा कि आज जब चुनाव आयोग इस संवैधानिक प्रक्रिया को लागू कर रहा
है तो विपक्ष इसका विरोध कर रहा है।
ईवीएम और चुनाव आयोग पर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए बराला ने कहा
कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो उसे चुनाव आयोग की व्यवस्था पर भरोसा होता है, लेकिन
हारने पर ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, मनदीप मलिक, पीयूष महत्ता, कृष्ण सरसाना,
सरोज सिहाग, संजीव रेवड़ी, रणधीर धीरू, सुरेश गोयल धूप वाला, धर्मवीर पानू, महेन्द्र
पानू, सतनाम सैनी, अजय गावड़, जितेंद्र बड़क व विवेक शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी
एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर