काले कपड़े पहनकर सदन में आने वालाें के काले कारनामे नहीं भूली जनता:नायब सिंह सैनी

 

कांग्रेस व आम आदमी पार्टी ने घोषणाओं की टॉफियांबांटीं

हरियाणा को‘खेलयुक्त, शिक्षायुक्त और नशामुक्त’ बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकार

चंडीगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि काले कपड़े पहनकर विधानसभा के पवित्र सदन में आने वाले कांग्रेस के नेता भले ही अपने शासनकाल में किए काले कारनामें भूल गए हों लेकिन जनता इनके शोषण और अत्याचार को नहीं भूली है। लोगों को आज भी याद है कि कांग्रेस की नीतियां जनहित की बजाय लोगों को प्रताड़ित करने वाली थीं।

गरीबों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे, बुजुर्ग पेंशन के लिए भटकते थे, लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए चार-चार दिन तक लाइनों में लगा रहना पड़ता था और युवाओं को नौकरियों के लिए भ्रष्ट व्यवस्था से जूझना पड़ता था। लेकिन पिछले 12वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकारों ने उस व्यवस्था को बदलकर योजनाओं और सेवाओं को सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात गुरुवार काे हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कही। उन्होंने हरियाणा व पंजाब की कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी को घेरते हुए उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस ने राहुल गांधी के कहने पर काले कपड़े पहन लिए हैं तो अब राहुल गांधी को भी काले कपड़े पहन लेने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की सरकारों में वोट हासिल करने के लिए घोषणाएं की जाती है, उनके लिए राजनीति किसी दुकानदारी की तरह है, लोगों को घोषणाओं की टॉफियां बांटों और सत्ता हासिल करो। लेकिन ये पार्टियां जब सत्ता में आ जाती हैं तो पांच साल के लिए घोषणाओं को भूल जाती हैं। फिर चुनाव के समय लोगों को बरगलाने के लिए नई घोषणाएं करने लग जाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास आज सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं बचा है। जिन विकास कार्यों के टेंडर सरकार पहले ही जारी कर चुकी है, विपक्ष के नेता उन्हीं स्थानों पर जाकर फोटो खिंचवाते हैं और फिर सोशल मीडिया पर बयानबाजी करते हैं। हरियाणा की डबल इंजन की बीजेपी सरकार धरातल पर काम कर रही है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के लोग बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। अभी हाल ही में पंजाब के विभिन्न समाजों के 1 हजार से अधिक प्रबुद्धजन भाजपा में शामिल हुए हैं। इन सबका यही कहना है कि वे पंजाब को मजबूत बनाना चाहते हैं और इन्हें पता है कि यह काम केवल तभी संभव है जब पंजाब में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनेगी। पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद वहां भी हरियाणा की तरह लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाएगा और पंजाब को भी गुरुओं की शिक्षा के साथ तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा