हिसार: लिफ्ट में फंसने से हलवाई की मौत, जांच में जुटी पुलिस
मृतक के पिता ने लगाया हत्या का आराेप
हिसार, 12 जुलाई (हि.स.)। शहर की राजगुरु मार्केट के पास कल्पना कल्पना स्वीट्स
में सामान ले जाने वाली लिफ्ट की चपेट में आने से एक हलवाई की मौत हो गई। हादसा इतना
भयानक था कि लिफ्ट में फंसने के कारण मृतक की गर्दन धड़ से अलग हो गई। सूचना के बाद
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कुंभाखेड़ा निवासी जसबीर के रूप में
हुई है, जो हलवाई का काम करता था।
गाँव मात्रश्याम निवासी विजय कुमार ने बताया कि जसबीर
रात को दुकान पर किसी से मिलने आया था। रात अधिक होने के कारण वह दुकान पर ही सो गया।
रविवार सुबह करीब छह बजे जसबीर को ऊपर जाने के लिए कहा गया। वह सामान ले जाने के लिए
इस्तेमाल होने वाली लिफ्ट के जरिए ऊपर जाने लगा। जैसे ही लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर पहुंची,
अचानक वह हादसे का शिकार हो गया।
लिफ्ट के मैकेनिज्म में फंसने के कारण उसकी गर्दन
कटकर धड़ से अलग हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुकान के अंदर हुए इस हादसे के
बाद राजगुरु मार्केट में सनसनी फैल गई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है
कि सामान वाली लिफ्ट में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण
हुआ या किसी लापरवाही की वजह से।
उधर, मृतक के पिता ने इसे हत्या बताया है और इस मामले में गहन जांच की मांग
की है। पिता का कहना है कि दुकान पर काम करने वालों ने इसकी हत्या की है। पुलिस जांच
के बाद ही स्पष्ट हो जाएगा कि ये हादसा है या मृतक के पिता के आरोपों के अनुसार हत्या।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर