सिरसा:एटीएम के एसी कैबिन में सोता मिला पंजाब रोडवेज का कंडक्टर
सिरसा, 31 जुलाई (हि.स.)। सिरसा के एक एटीएम के एसी कैबिन में अंडरवियर-बनियान में गद्दा डालकर सो रहे एक व्यक्ति का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एटीएम में पैसे निकालने उपभोक्ता पहुंचा तो वह हैरान रह गया। आनन-फानन में सो रहे व्यक्ति ने अपना बिस्तर समेटा और चलता बना। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति पंजाब रोडवेज में कंडक्टर है और रात को गर्मी अधिक होने के कारण एटीएम के एसी कैबिन में सोने चला गया।
सिरसा के बस अड्डा पर इंडसंइड बैंक का एटीम लगा हुआ है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार अलसुबह एक उपभोक्ता पैसे निकालने पहुंचा तो एटीम के कैबिन में अंडरवियर और बनियान में एक व्यक्ति सो रहा था, जिसे देखकर वह हैरान हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सो रहे व्यक्ति को जगाया तो वह बहसबाजी करने लगा।
बाद में उसने अपना बिस्तर समेटा और चलता बना। उपभोक्ता ने इस घटनाक्रम की वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। उपभोक्ताओं ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि रात के समय कोई महिला एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचती तो उसे परेशानी का सामना करना पड़ सकता था। अभी संबंधित बैंक की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma