27 सितंबर से पहले निपटा लें सभी जरूरी बैंकिंग कार्य : उपायुक्त
नूंह, 24 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि आगामी दिनों में संभावित बैंकिंग अवकाश और प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए अपने सभी जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते पूरे कर लें। उन्होंने कहा कि सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है, जिससे आमजन, व्यापारी, किसान, कर्मचारी और अन्य बैंक उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है।
उपायुक्त ने बताया कि 27 सितंबर को चौथा शनिवार और 28 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक सामान्य रूप से बंद रहेंगे। इसके बाद बैंक यूनियनों की ओर से 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल के आह्वान के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में नागरिकों को अपने आवश्यक वित्तीय कार्यों की पहले से योजना बनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने के बाद 1 अक्टूबर को बैंक खुलने पर शाखाओं में ग्राहकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसके अगले दिन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के राष्ट्रीय अवकाश के कारण बैंक दोबारा बंद रहेंगे। ऐसे में अंतिम समय तक बैंकिंग कार्य टालने से लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अखिल पिलानी ने नागरिकों से आग्रह किया कि नकदी की आवश्यकता, चेक जमा कराने, ड्राफ्ट बनवाने, ऋण से संबंधित कार्य और अन्य जरूरी बैंकिंग लेन-देन 27 सितंबर से पहले ही निपटा लें। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, यूपीआई, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का अधिक से अधिक उपयोग कर लोग अपनी दैनिक वित्तीय आवश्यकताओं को सुचारू रूप से पूरा कर सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि समय रहते आवश्यक तैयारियां कर लेने से नागरिक बैंक शाखाओं में होने वाली भीड़, लंबी प्रतीक्षा और संभावित असुविधा से बच सकते हैं। उन्होंने सभी बैंक उपभोक्ताओं से अपने वित्तीय कार्यों की पूर्व योजना बनाने और संभावित व्यवधान को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया