हिसार : विदेश में उच्च शिक्षा, मास्टर्स-पीएचडी, छात्रवृत्ति और करियर की संभावनाओं पर विद्यार्थियों से किया संवाद
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी डॉ. देवांश ने अमेरिका में
क्लिनिकल साइकोलॉजी के अनुभव किए साझा
हिसार, 13 नवंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के एप्लाइड साइकोलॉजी विभाग में अमेरिका से आए विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी डॉ.
देवांश ने विद्यार्थियों के साथ विशेष संवाद सत्र में अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक
अनुभव साझा किए। वर्तमान में अमेरिका में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट के रूप में कार्यरत
डॉ. देवांश ने शुक्रवार काे विद्यार्थियों को मनोविज्ञान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च
शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
खास बात यह रही कि डॉ. देवांश ने वर्ष 2022 में इसी विभाग से बीएससी साइकोलॉजी
की पढ़ाई पूरी की थी। अपने ही विभाग में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करते
हुए उन्होंने विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने से लेकर क्लिनिकल साइकोलॉजी के क्षेत्र
में करियर बनाने तक के सफर पर चर्चा की।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अमेरिका और भारत की शिक्षा प्रणालियों के
अंतर, मास्टर्स और पीएचडी के लिए बेहतर विकल्प, विदेश में पढ़ाई के दौरान आने वाली
चुनौतियों, भाषा संबंधी दिक्कतों और शिक्षा व आवास पर होने वाले खर्च को लेकर सवाल
किए। इसके अलावा अमेरिका में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट के रूप में प्रैक्टिस करने के लिए
आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं और लाइसेंसिंग प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने, प्रतिष्ठित विदेशी विश्वविद्यालयों
में दाखिले की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा की। बहुसांस्कृतिक वातावरण
में काम करने से काउंसलिंग कौशल में होने वाले सुधार तथा मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र
में सफल पेशेवर बनने के लिए जरूरी क्षमताओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
डॉ. देवांश ने अपने अनुभवों के आधार पर विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न
विकल्पों को समझने और सोच-समझकर आगे की राह चुनने के लिए प्रेरित किया। चर्चा में इस
बात पर भी जोर दिया गया कि मनोविज्ञान के विद्यार्थियों को केवल शोध और अकादमिक क्षेत्र
तक सीमित जानकारी देने के बजाय क्लिनिकल साइकोलॉजी, काउंसलिंग तथा भारत में उपलब्ध
व्यावसायिक अवसरों के बारे में भी मार्गदर्शन मिलना चाहिए।
यह संवाद सत्र विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक रहा। अपने ही
विभाग से पढ़ाई पूरी करने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले पूर्व विद्यार्थी
से सीधे संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा और करियर की संभावनाओं को नजदीक से समझने का अवसर
मिला।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर