हिसार: दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण अंग, उनकी मदद के लिए आगे आएं: डॉ. दलबीर सैनी

 


हीरा देवी राम रूप मैमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम का आयोजन

हिसार, 09 सितंबर (हि.स.)। सेवानिवृत्त जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. दलबीर

सिंह सैनी ने कहा है कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं और उन्हें आगे बढ़ने

के लिए हर संभव सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को

दिव्यांगजनों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का पूरा

उपयोग कर सकें। दिव्यांगजन भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर जीवन में बहुत कुछ

हासिल करने में सक्षम हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

डॉ. दलबीर सिंह सैनी बुधवार काे हीरा देवी राम रूप मैमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से

आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शारीरिक चुनौतियां किसी व्यक्ति

की प्रतिभा और क्षमता को सीमित नहीं करतीं। यदि उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो दिव्यांगजन

शिक्षा, खेल, कला, रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर

सकते हैं। आवश्यकता केवल उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित वातावरण और अवसर उपलब्ध कराने

की है।

डॉ. सैनी ने कहा कि परिवार और समाज को दिव्यांगजनों का मनोबल बढ़ाने में सकारात्मक

भूमिका निभानी चाहिए और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जाना चाहिए। छोटे-छोटे

सहयोग और प्रोत्साहन से भी दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास में बड़ा बदलाव आ सकता है।

उन्होंने कहा कि अनेक दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर दूसरों के लिए प्रेरणादायक

उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज का दायित्व है कि दिव्यांगजनों को

समान अवसर, सम्मान और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र

और समाज के विकास में प्रभावी योगदान दे सकें। दिव्यांगजनों के प्रति सकारात्मक सोच

विकसित करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्हें आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं

और अवसर मिलने चाहिए, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर अपने सपनों को साकार कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर