पानीपत: गाड़ी की चपेट में आने से मासूम बच्ची की मौत
पानीपत, 20 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत स्थित एक कंपनी में सोमवार सुबह पिकअप ड्राइवर द्वारा लापरवाही से गाड़ी को बैक करते समय डेढ़ साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया गया, जिससे बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गंगाराम कॉलोनी निवासी मोहम्मद उवैस ने बताया कि वह तीन बच्चों का पिता है। उसकी सबसे छोटी बेटी दुआ उम्र डेढ़ साल सोमवार को अपनी मां बुदीना परवीन के साथ कंपनी में गई थी। सुबह मां कंपनी के अंदर अपना काम कर रही थी और छोटी दुआ वहीं पास में खेल रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद एक पिकअप ड्राइवर ने गाड़ी को बिना देखे, तेज रफ्तार में बैक करना शुरू कर दिया। मासूम दुआ गाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे के बाद वहां कोहराम मच गया। आनन-फानन में बच्ची को संभाला गया लेकिन तब तक बच्ची की जान जा चुकी थी।
थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने मोहम्मद उवैस की शिकायत के आधार पर पिकअप ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने बच्ची का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी ड्राइवर की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा