सेवा संकल्प अभियान : महेंद्रगढ़ से लाडो लक्ष्मी योजना का दूसरा चरण आज शुरू करेंगे सीएम
-सेवा संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाने में जुटी सरकार
-हर जिले की ‘बेहतर पहल’ होगी दस्तावेजीकृत, सोशल मीडिया के जरिए दूसरे जिलों तक पहुंचेंगी सफलता की
कहानियां
चंडीगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी
का स्वरूप देने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
ने चंडीगढ़ में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अभियान के कार्यक्रमों की विस्तृत
समीक्षा की और गांव से राज्य स्तर तक प्रभावी माइक्रो प्लानिंग के निर्देश दिए। महेंद्रगढ़
में विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के
दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे तथा पात्र श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जिलों की बेहतर पहलों, नवाचारों और सफलता की कहानियों का दस्तावेजीकरण
कर सोशल मीडिया सहित डिजिटल माध्यमों से व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए, ताकि एक
जिले के अच्छे काम से दूसरे जिले भी प्रेरित हो सकें।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के साथ
ही महेंद्रगढ़ मे आयोजित
होने वाले विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम मे महिला
सशक्तिकरण और श्रमिक कल्याण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब
सिंह सैनी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे, जिससे योजना
का लाभ और अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी अवसर
पर श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों को भी
लाभ प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों
तक योजनाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे तथा कार्यक्रम के दौरान उन्हें
योजनाओं से जोड़ने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा गतिविधियों में समाज की सक्रिय भागीदारी
सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रशासनिक स्तर पर हर कार्यक्रम की ठोस योजना बनाई जाए और
अभियान को गांव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए।
बैठक में उन्होंने अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों
की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कृषि एवं
किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर,
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, तथा सभी जिलों के
उपायुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि अभियान के दौरान जिलों में किए जाने वाले नवाचारों,
बेहतर पहलों और सफलता की कहानियों को संकलित किया जाए। इनका सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों
से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अच्छे कार्यों से दूसरे जिले भी प्रेरणा ले
सकें। उन्होंने अभियान के लिए प्रभावी प्रचार योजना तैयार करने और डिजिटल माध्यमों
का बेहतर उपयोग करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के
साथ कार्यक्रमों की माइक्रो प्लानिंग करें। कार्यक्रमों की तिथियां इस प्रकार निर्धारित
की जाएं ताकि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा