पांच अप्रैल को विकास रैली में मुख्यमंत्री देंगे जींद को करोड़ों की परियोजनाएं

 


जींद, 02 अप्रैल (हि.स.)। आगामी पांच अप्रैल को जींद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एकलव्य स्टेडियम के सामने धन्यवाद एवं विकास रैली में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जींद विधानसभा क्षेत्र को करोड़ों रुपये की सौगत देंगे। मुख्यमंत्री द्वारा कुल 12 परियोजनाओं का शिलान्यास 140 करोड़ 87 लाख 8 हजार रुपये की लागत से तथा तीन परियोजनाओं का उद्घाटन 55 करोड़ 78 लाख 10 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। इन सभी परियोजनाओं की लागत 196 करोड़ 65 लाख 18 हजार रुपये है।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने गुरुवार को बताया कि 12 विकास परियोजनाओं का होगा शिलान्यास होगा। जिसमें हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) द्वारा तीन करोड़ 18 लाख 81 हजार रुपये की लागत से गांव मनोहरपुर में बनाए जाने वाले परचेज सेंटर का शिलान्यास, लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी बीएंडआर) द्वारा ऑफिसर कॉलोनी में राजस्व अधिकारियों के लिए बनाए जाने वाले 56 आवासीय इकाइयों का शिलान्यास होगा। जिसकी लागत 16 करोड़ 61 लाख 4 हजार रुपये है।

तीन करोड़ 14 लाख 62 हजार रुपये की लागत से दालमवाला, जीवनपुर-नगूरां मार्ग तथा दरियावाला से बरसोला मार्ग की विशेष मरम्मत तथा जींद-हांसी मार्ग से जींद-भिवानी मार्ग तक बाईपास आरडी 5.375 से 5.567, मार्ग पहचान संख्या 10121 का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का शिलान्यास होगा। निर्जन एप्रोच मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा जींद-सफीदों से हैबतपुर-खोखरी-बोहतवाला, दालमवाला होते हुए कंडेला मार्ग (परशुराम चौक से बाईपास तक का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का शिलान्यास होगा। जिसकी लागत चार करोड़ 56 लाख 90 हजार रुपये है। सीआरआईएफ योजना के तहत पानीपत से सफीदों राज्य मार्ग 11 तथा सफीदों से जींद राज्य मार्ग 14 मार्ग का फोरलेनिंग, चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का शिलान्यास होगा। जिसकी अनुमानित लागत 56 करोड़ 61 लाख चार हजार रुपये है।

जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग द्वारा नौ करोड़ 98 लाख 40 हजार रुपये की लागत से समेकित सैनिक सदन के निर्माण कार्य का शिलान्यास होगा। स्वास्थ्य विभाग के तह गांव कंडेला में नौ करोड़ 90 लाख 83 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य का शिलान्यास होगा। जल निकासी प्रणाली को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की 109 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से मनोहरपुर ड्रेन खुदाई परियोजना का शिलान्यास होगा। यह कार्य आरडी 0 से 7600 तक किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा