जींद : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पांच अप्रैल की प्रस्तावित रैली की तैयारियों का डिप्टी स्पीकर ने लिया जायजा

 


जींद, 03 अप्रैल (हि.स.)। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा है कि पांच अप्रैल रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे तथा तथा करोडों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित है, उनकी सभी औपचारिकताएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित हुड्डा ग्राउंड का दौरा कर पांच अप्रैल को प्रस्तावित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धन्यवाद एवं विकास रैली की तैयारियों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान डीसी मोहम्मद इमरान रजा उनके साथ विशेष रूप से मौजूद रहे। डिप्टी स्पीकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैली के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं ताकि कार्यक्रम सुचारू और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि सभा स्थल पर अस्थायी शौचालयों, स्टेज, पर्याप्त पेयजल, पंडाल में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की जाए। साथ ही गर्मी से बचाव के लिए पंखों और कूलरों की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा ताकि रैली में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध, धारा 163 लागू

उपायुक्त एवं जिला मैजिस्ट्रेट मोहम्मद इमरान रजा द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत आदेश जारी किए गए हैं। हरियाणा सरकार का आगामी चार अप्रैल को सफीदों तथा पांच अप्रैल को जींद में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर उनके दौरे के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा