यमुनानगर: मुख्यमंत्री ने कारगिल वीरों को नमन कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संकल्प

 


यमुनानगर, 26 जुलाई (हि.स.) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को यमुनानगर दौरे के दौरान 'नशे से जंग-यमुनानगर के संग' कार्यक्रम के उपरांत पुलिस लाइन परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इसके साथ ही कारगिल विजय दिवस पर पुलिस शहीद स्मारक पहुंचकर वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल के अमर वीरों का साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों का त्याग प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की सीख देता है। पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली बढ़ाने का साधन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य प्रदान करने वाली अमूल्य धरोहर हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करनी चाहिए। प्रकृति का संरक्षण सामूहिक दायित्व है और जनसहभागिता से ही हरियाणा को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस लाइन, यमुनानगर परिसर में विशेष अभियान के तहत लगभग 1,500 पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, जिला महामंत्री नरेंद्र राणा, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार