केंद्रीय योजनाओं की राशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करें अधिकारी : नायब सैनी

 


- मुख्यमंत्री ने की केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

चंडीगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्र सरकार से प्राप्त अनुदानों को लेकर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त धनराशि के उपयोग, प्रगति एवं लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में स्वीकृत बजट का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रदेश के नागरिकों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे अनुदानों का पूर्ण और पारदर्शी उपयोग राज्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत किए जाएं, ताकि आगामी किस्तों की स्वीकृति में कोई बाधा न आए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें तेजी लाई जाए और उनका त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रशासनिक अधिकारी अपने- अपने विभागों में नोडल अधिकारी नामित करें जो निरंतर केंद्र सरकार के विभागों से समन्वय स्थापित करते रहें ताकि अनुदान राशि स्वीकृत और जारी होने में देरी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा