सिरसा: पंजाब में चुटकुलों की सरकार: सीएम नायब सैनी

 


सिरसा, 22 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज पंजाब में चुटकुलों की सरकार है और चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब की जनता से जो वादे किए थे उसमें से एक भी पूरा नहीं किया, उलटा पंजाब पर दोगुना कर्ज हो गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की नियत में खोट था तभी पंजाब पिछड़ता गया। आगामी विधानसभा चुनावों में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में भी लागू किया जाएगा। सीएम रविवार को सिरसा दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी सरकार जनहित के कामों को लेकर गंभीर है और लापरवाही को किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती के लिए शीघ्र ही कैलेंडर जारी किया जाएगा। सिरसा के साथ भेदभाव का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री को खून से लिखा पत्र सौंपने जा रहे विधायक गोकुल सेतिया को पुलिस हिरासत में लेने को सिरे से नकारते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधायक ड्रामे कर रहे हैं। पिछली विधानसभा में भी कांग्रेस के एक विधायक ड्रामा करते थे, कभी वह सफेद कपड़े पहनकर शमशान भूमि में जाता था तो कभी अलग तरह की हरकतें करता था। विधायक गोकुल सेतिया ड्रामा करने की बजाए, सिरसा की जनता की सुध लें जिन्होंने उन्हें विधायक चुना है। मुख्यमंत्री ने विधायक पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक सिरसा के विकास के लिए चार करोड़ से अधिक की राशि दे चुके हैं, वो भी जनता को बताएं। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय की 52 एकड़ भूमि को लेकर न्यायालय में चल रहे मामले के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार पारदर्शिता के तरीके से काम कर रही है और कभी भी बिल्डरों से सांठगांठ नहीं की, बल्कि ऐसा काम तो पहले की सरकारों में होता था।

सरकारी भर्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 5600 पुलिस पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अन्य विभागों की भर्तियों के लिए भी जल्द इंटरव्यू शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक इन भर्तियों के परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। इसके बाद प्रदेश में नई भर्तियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी पहले से मिल सकेगी। मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना-2.0 के संबंध में उन्होंने कहा कि 20 वर्ष से अधिक समय से दुकानों पर काबिज पात्र दुकानदारों को मालिकाना हक देने के लिए योजना का पोर्टल एक माह के लिए दोबारा खोला जाएगा। इससे वे पात्र लोग भी योजना का लाभ उठा सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma