हिसार : बरवाला नगर परिषद में विकास कार्यों की जांच को पहुंची सीएम फ्लाइंग टीम
90 से अधिक कई करोड़ो रूपये के विकास कार्यों की
गुणवत्ता की जांच शुरू, सैंपल लिए
हिसार, 27 जुलाई (हि.स.)। बरवाला नगरपरिषद क्षेत्र
में गत वर्षों के दौरान कई करोड़ों रुपए की लागत से कराए गए 90 से ज्यादा विकास कार्यों
में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग की टीम सोमवार
को जांच के लिए बरवाला पहुंची। संयुक्त टीम ने नगर परिषद द्वारा कराए गए विभिन्न विकास
कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया तथा कई स्थानों से निर्माण सामग्री के सैंपल
एकत्रित किए। यदि जांच में निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता
में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध
कार्रवाई की जा सकती है।
जांच टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज
इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के एसडीओ भरत, एएसआई
सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, नगर परिषद के एमई अनिल तथा जेई रसीद हुसैन सहित
अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार बरवाला निवासी नागरिकों द्वारा
प्रदेश सरकार को शिकायत की गई थी। शिकायत में नगर परिषद में कार्यरत अधिकारियों एमई
अनिल व जेई प्रवीण पर विकास कार्यों में कथित अनियमितताएं, गुणवत्ता से समझौता तथा
वित्तीय गड़बड़ियां किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में मांग की गई थी कि नगर
परिषद द्वारा पिछले वर्षों में करोड़ों रुपए की लागत से करवाए गए 90 से ज्यादा कराए
गए सभी विकास कार्यों की जांच कराई जाए।
शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग टीम ने बरवाला
शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर नगर परिषद द्वारा कराए गए विकास कार्यों का भौतिक निरीक्षण
किया। टीम ने सड़कों, गलियों तथा अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन किया
और कई स्थानों से निर्माण सामग्री के सैंपल लिए। श्मशान घाट का कार्य लगभग तीन करोड़
रुपये से करवाया जा रहा है तथा कम्युनिटी सेंटर भी लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से
बनवाया जा रहा है। दोनों जगह से टीम ने निर्माण सामग्री के सैंपल भरवाए हैं। इसके साथ
ही कई अन्य कार्य भी करोड़ो रूपये की लागत से करवाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर