हिसार में बरसाती नाले के निर्माण कार्य की जांच को पहुंची सीएम फ्लाइंग टीम
घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल किए जाने की शिकायत
सैंपल लिए गए
हिसार, 22 जुलाई (हि.स.)। शहर के नवदीप कॉलोनी
क्षेत्र से गंगवा गांव तक हिसार-राजगढ़ रोड पर करोड़ों रुपये की लागत से बनाए जा रहे
बरसाती पानी निकासी नाले के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और घटिया निर्माण सामग्री
के उपयोग के आरोपों पर सीएम फ्लाइंग हिसार की टीम ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर जांच
की। टीम द्वारा जांच के दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री के सैंपल
लिए गए हैं। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या निर्धारित मानकों का उल्लंघन
पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
संयुक्त टीम में सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज
सुनैना, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के एसडीओ भरत, जनस्वास्थ्य विभाग के जूनियर
इंजीनियर धीरज, एएसआई सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल जितेंद्र एवं विजय सहित संबंधित ठेकेदार
कुलदीप भी मौजूद रहे। हिसार के आजाद नगर और नवदीप कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में
बरसाती पानी की निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये
की लागत से नवदीप कॉलोनी से गंगवा गांव तक बरसाती नाले का निर्माण कराया जा रहा है।
यह कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित ठेकेदार को आवंटित किया गया है।
इस परियोजना को लेकर आरोप लगाए गए हैं कि बरसाती
पानी निकासी नाले में डाले जा रहे पाइपों के नीचे भराव एवं आधार निर्माण में निम्न
गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों
के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। यदि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया तो नाला
समय से पहले क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी के साथ-साथ आमजन को
भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
शिकायत मिलने के बाद सीएम फ्लाइंग की टीम संबंधित
विभागीय अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंची और कार्य की बारीकी से जांच की।
अधिकारियों ने निर्माण में प्रयोग की जा रही सामग्री का निरीक्षण किया तथा विभिन्न
स्थानों से सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच करवाई जाएगी। उसके बाद यह स्पष्ट हो सकेगा
कि निर्माण सामग्री निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है या नहीं।
जांच के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी टीम के
समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उनका कहना था कि हिसार-राजगढ़ रोड पर दिनभर भारी वाहनों
का आवागमन रहता है और निर्माण कार्य के कारण लगातार धूल उड़ने से आसपास के लोगों और
राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान धूल नियंत्रण,
यातायात प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की भी मांग की। स्थानीय
लोगों ने कहा कि चूंकि यह बरसाती पानी निकासी नाले का करोड़ों रुपये की लागत से निर्माण
करवाया जा रहा है, इसलिए निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित
किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में जनता को इसका स्थायी लाभ मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर