हिसार : बरवाला में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच करने पहुंची सीएम फ्लाइंग टीम
हिसार, 26 फरवरी (हि.स.)। बरवाला नगर परिषद क्षेत्र में हिसार-टोहाना रोड स्थित कथित सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया।जांच के दौरान गुरुवार को सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना, एएसआई सुरेंद्र, नगर परिषद बरवाला के भवन निरीक्षक सुमित तथा कनिष्ठ अभियंता परवीन मौजूद रहे। अधिकारियों ने हिसार-टोहाना रोड पर चल रहे निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उक्त स्थान सरकारी जमीन है, जिस पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, वह इस संबंध में नगर परिषद अधिकारियों को कई बार अवगत करवा चुका है और अवैध कब्जा हटवाने की मांग भी कर चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत में बताया गया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही, लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई थी।
सीएम फ्लाइंग टीम के मौके पर पहुंचने के बाद पाया गया कि संबंधित स्थल पर कुछ निर्माण कार्य किया गया था। नगर परिषद बरवाला द्वारा उक्त स्थल पर निर्माण कार्य रुकवाया हुआ है। बताया जा रहा है कि उक्त स्थान पर पिछले काफी समय से मुनिष नामक व्यक्ति का कब्जा बताया जा रहा है, जिसे पहले भी नगर परिषद की ओर से नोटिस जारी किया जा चुका है। निरीक्षण के उपरांत टीम नगर परिषद कार्यालय पहुंची, जहां संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई और आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। जानकारी के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर