पलवल में सुबह-सवेरे खुला मिला शराब का ठेका,सीएम फ्लाइंग ने मारा छापा
पलवल, 26 अगस्त (हि.स.)। आगरा चौक स्थित एक शराब ठेके पर बुधवार को मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (सीएम फ्लाइंग) फरीदाबाद की टीम ने छापेमारी की। टीम ने ठेके को निर्धारित समय से पहले खोलकर शराब की बिक्री किए जाने का मामला पकड़ा। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी भी टीम के साथ मौजूद रहे। ठेका संचालक के खिलाफ आबकारी नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
सीएम फ्लाइंग के सब-इंस्पेक्टर सतवीर ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि पलवल जिले में कुछ शराब ठेके निर्धारित समय से पहले खोलकर ग्राहकों को शराब बेच रहे हैं।
सूचना के आधार पर डीएसपी विवेक चौधरी के निर्देश पर कार्रवाई की गई। सीएम फ्लाइंग की टीम ने आबकारी विभाग के एईटीओ ललित चौधरी और अशोक कुमार के साथ संयुक्त रूप से आगरा चौक स्थित आगरा-दिल्ली लेन के शराब ठेके पर सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान ठेका खुला मिला और वहां देशी व अंग्रेजी शराब की बिक्री की जा रही थी।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जांच के बाद स्पष्ट किया कि निर्धारित समय से पहले शराब ठेका खोलना और शराब की बिक्री करना आबकारी नियमों का उल्लंघन है। बताया गया कि उक्त ठेका मैप्सिको ग्रुप द्वारा संचालित किया जा रहा है। विभाग की ओर से ठेका संचालक के खिलाफ चालान सहित नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा रही है। सीएम फ्लाइंग की इस कार्रवाई के बाद शराब ठेका संचालकों में भी हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग