हिसार : उकलाना उप तहसील में सीएम फ्लाइंग का छापा, रिकॉर्ड जब्त
कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं में हड़कंप, छुट्टी
पर मिले अधिकारी
हिसार, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के उकलाना उप तहसील
कार्यालय में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) की टीम ने औचक छापेमारी की। टीम
ने यह कार्रवाई क्षेत्र में रजिस्ट्रियों के नाम पर चल रहे बड़े खेल और अनियमितताओं
की शिकायतों के आधार पर की है। सीएम फ्लाइंग की इस अचानक हुई कार्रवाई से उप तहसील
परिसर में मौजूद डीड राइटरों, कॉलोनाइजरों और जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों में भगदड़
जैसी स्थिति बन गई।
कार्रवाई की अगुवाई कर रही सीएम फ्लाइंग की इंचार्ज
सुनैना ने बताया कि उन्हें लंबे समय से उकलाना उप तहसील में रजिस्ट्रियों में भारी
धांधली और नियमों को ताक पर रखकर काम किए जाने की गुप्त शिकायतें मिल रही थीं। इसी
इनपुट के आधार पर सोमवार को टीम ने यहां दबिश दी और रजिस्ट्रियों से जुड़ा रिकॉर्ड
खंगालना शुरू किया।
हालांकि, इस छापेमारी के दौरान चौंकाने वाली बात
यह रही कि मौके पर नायब तहसीलदार और रजिस्ट्री क्लर्क दोनों ही अवकाश पर मिले। मुख्य
अधिकारियों के मौजूद न होने के कारण उड़नदस्ते की जांच सोमवार को पूरी नहीं हो सकी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और रजिस्ट्रियों का
रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिया है। अब आगे की जांच मंगलवार को संबंधित अधिकारियों
को मौके पर बुलाकर उनकी मौजूदगी में की जाएगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता प्रभारी सुनैना ने बताया
कि हमें उकलाना उप तहसील में रजिस्ट्रियों में अनियमितताओं की पुख्ता शिकायत मिली थी।
मौके पर नायब तहसीलदार और रजिस्ट्री क्लर्क के छुट्टी पर होने के कारण आज जांच पूरी
नहीं हो पाई है। कुछ रिकॉर्ड कब्जे में लिया गया है। मंगलवार को अधिकारियों की मौजूदगी
में रिकॉर्ड का मिलान कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर