सिरसा: गुरु गोबिंद सिंह ने दुनिया को दिया अमर संदेश: सीएम
सिरसा, 15 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कहा कि गुरु गोबिंद सिंह ने दुनिया को अमर संदेश दिया और उनकी पवित्र वाणी आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही है। हरियाणा सरकार उन्हीं की शिक्षाओं पर अमल करते हुए समाज व राष्ट्र की बेहतरी के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए चलाई गई यह विशेष ट्रेन पूरे देश को गुरुओं की शिक्षाओं से जोडऩे का काम करेगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को सिरसा के रेलवे स्टेशन पर तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए तीर्थ यात्रा टे्रन को हरी झंडी दिखाने से पूर्व उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तीर्थ यात्रा गुरु के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने यात्रा के लिए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिरसा गुरुओं की नगरी है और 1706 में गुुरु गोबिंद सिंह तलवंडी से दक्षिण के लिए चलते हुए सिरसा के पवित्र भूमि पर कुछ समय के लिए रूके थे, जिसकी याद गुरुद्वारा चिल्ला साहिब दिलाता है।
उन्होंने कहा कि नांदेड़ साहिब वह पवित्र भूमि है जहां गुरु गोबिंद सिंह ज्योति-ज्योति समा गए और यहीं से गुरु गोबिंद सिंह ने पूरी दुनिया को अमर संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह की पवित्र वाणी आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रही है। इस तरह की तीर्थ यात्राओं से श्रद्धालु नई ऊर्जा लेकर लौटता है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार महापुरुषों द्वारा दिए गए संदेशों को अपनाते हुए समाज कल्याण के लिए कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरुओं के दिखाए गए रास्ते का अनुसरण करते हुए कदम बढ़ा रही है। प्रदेश में गुरुओं के नाम पर न केवल कई शिक्षण संस्थाओं के नाम रखे, बल्कि कई मार्गों का नामकरण भी किया गया ताकि आने वाली पीढ़ी गुरुओं के पवित्र संदेशों व वाणी का अनुसरण कर सके और उन्हें नई ऊर्जा व मार्गदर्शन मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान खुशहाल हो, युवा आगे बढ़े, प्रदेश भाईचारे के साथ तरक्की करे यही मनोकामना लेकर वे इस तीर्थ यात्रा को झंडी दिखाने आए हैं। इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा, सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल, पूर्व चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma