सोनीपत: युवा संवाद में मुख्यमंत्री ने पारदर्शी भर्ती, शिक्षा, सुविधाओं का दिया भरोसा
सोनीपत, 06 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में गुरुवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह
सैनी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने
युवाओं की मेहनत, संघर्ष और सपनों की सराहना करते हुए कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी
युवा शक्ति का देश है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका
है। उन्होंने कहा कि युवाओं के चेहरों में उन्हें देश का उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता
है। इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राष्ट्र संत उपाध्याय गुप्ति सागर महाराज
से गन्नौर स्थित गुप्तिधाम में आशीर्वाद लिया। दिगंबर जैन समाज की ओर से मुख्यमंत्री
को पगड़ी पहना कर स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री
ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा दिन-रात मेहनत करते हैं। कई
बार उन्हें सामाजिक और पारिवारिक दबाव का सामना भी करना पड़ता है, लेकिन कठिन परिश्रम
ही सफलता का आधार बनता है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने
के लिए लगातार प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार
उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया
है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी गड़बड़ी में शामिल पाया जाता है तो उसे सेवा से हटाने
के साथ जेल भेजने तक की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी प्रश्नपत्र
लीक रोकने के लिए कड़ा कानून बनाया है, जिसमें दोषियों के लिए कठोर सजा और संपत्ति
कुर्क करने का प्रावधान है। कुछ लोग भर्ती प्रक्रियाओं में बाधा डालने का प्रयास करते
हैं, लेकिन सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री
ने मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे सरकारी विद्यालयों
के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया
कि इन योजनाओं के माध्यम से अनेक विद्यार्थियों का भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, राष्ट्रीय
प्रौद्योगिकी संस्थान तथा अन्य प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में चयन हुआ है। हाल ही
में सुपर-100 योजना के 70 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा में
चयन होना सरकार की शिक्षा नीति की बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम
के दौरान विद्यार्थियों ने परिवहन सुविधा, निजी कोचिंग संस्थानों की फीस, वस्तु एवं
सेवा कर, प्रश्नपत्र लीक, बेटियों की शिक्षा और पुस्तकालयों से जुड़े सवाल पूछे। मुख्यमंत्री
ने कहा कि विद्यार्थियों को 150 किलोमीटर तक रियायती बस पास की सुविधा मिल रही है।
निजी कोचिंग संस्थानों तक इस सुविधा का विस्तार करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने
बताया कि निजी कोचिंग संस्थानों पर लगने वाला वस्तु एवं सेवा कर परिषद के अधिकार क्षेत्र
का विषय है और वह अगली बैठक में इसे उठाएंगे। आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को निजी
कोचिंग में राहत देने, प्रत्येक गांव में बड़े पुस्तकालय स्थापित करने तथा विद्यालय
और महाविद्यालय के पुस्तकालय 24 घंटे तक उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर
रही है।
मुख्यमंत्री
ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और समान अवसर उपलब्ध कराना
है। उन्होंने विश्वास जताया कि पारदर्शी व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं
के सहयोग से हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना
गुप्ता, विधायक निखिल मदान, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमेन मोहन लाल बडौली
साथ में रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना