हिसार : सांसद रेखा शर्मा पर कार्रवाई करे भाजपा, सीएम व अध्यक्ष मांगे माफी : वजीर पूनिया

 


नैतिकता व मर्यादा की बात करने वाली

भाजपा अपने नेताओं को मर्यादा सिखाएं

प्रदेश अध्यक्ष का निजी बयान बताकर

पल्ला झाड़ना निंदनीय, यह भाजपा की साजिश

हिसार, 28 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ

कांग्रेस नेता एवं ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस कमेटी के सदस्य वजीर सिंह पूनिया

ने भाजपा सांसद रेखा शर्मा द्वारा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. भजनलाल पर की

गई टिप्पणी को अमर्यादित व मानवीय मूल्यों के विपरीत बताया है। उन्होंने कहा कि नैतिकता

व धर्म का पाठ पढ़ाने वाली भाजपा को चाहिए कि वह अपने सांसदों व विधायकों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर

लगाकर उन्हें नैतिकता सिखाएं।

वजीर सिंह पूनिया ने मंगलवार काे कहा कि भाजपा

सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल के खिलाफ जो टिप्पणी है,

वह पूरी तरह से नैतिक मूल्यों के खिलाफ है। यह हमारी संस्कृति व परंपरा नहीं है कि

किसी दिवंगत व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाए और वो भी

उस व्यक्ति के खिलाफ, जो 13 साल से ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री के

अलावा लोकसभा का सांसद रहा हो। उन्होंने कहा कि जब रेखा शर्मा राजनीति की ए, बी, सी,

डी नहीं जानती थी, उस समय चौधरी भजनलाल मुख्यमंत्री बन गए थे और प्रदेश के विकास में

उनकी प्रमुख भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजनीतिक दुर्घटनावश सत्ता में

आए भाजपा के लोग हमारे पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल, चौ. बंसीलाल या चौ. देवीलाल के

बारे में टिप्पणी करे तो, यह उनका बड़बोलापन व घमंड ही है, इससे ज्यादा कुछ नहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर