नूंह:ब्रजमंडल यात्रा में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस

 


तीन अगस्त को मुख्य मार्ग पर बंद रहेगा भारी वाहनों का आवागमन

नूंह, 31 जुलाई (हि.स.)। ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा को लेकर नूंह जिला 3 अगस्त को पूरी तरह सुरक्षा व्यवस्था के अभूतपूर्व घेरे में रहेगा। जिला प्रशासन और पुलिस ने यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की सीमाओं पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है तथा हर आने-जाने वाले व्यक्ति और वाहन की सघन जांच की जा रही है।

साधु-संतों की अगुवाई में निकलने वाली यह धार्मिक यात्रा नूंह के अरावली पर्वत क्षेत्र स्थित प्राचीन नल्हड़ेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर और पुन्हाना के सिंगार गांव स्थित सिंघेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। लगभग 80 किलोमीटर लंबे इस यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

यात्रा के मद्देनजर 3 अगस्त को नेशनल हाईवे-248 पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। राजस्थान के अलवर से गुरुग्राम और दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को फिरोजपुर झिरका से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेसवे के माध्यम से भेजा जाएगा। इसी प्रकार तावडू से अलवर और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए हरियाणा के साथ-साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है। सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

प्रशासन सोशल मीडिया पर भी पूरी तरह सतर्क है। अफवाह फैलाने, भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कई संदिग्ध अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है और आवश्यकतानुसार अन्य जिलों की पुलिस को भी सूचित किया गया है।

यात्रा की सुरक्षा के लिए हरियाणा पुलिस के अलावा सात पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात की गई हैं। करीब 800 पुलिसकर्मी पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य आधुनिक तकनीकों के माध्यम से पूरे मार्ग की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। यात्रा की प्रत्येक गतिविधि को रिकॉर्ड करने के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मी और निजी वीडियोग्राफर भी तैनात रहेंगे। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी 10 डीएसपी करेंगे। पुलिस अधीक्षक लगातार अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं और सभी थाना प्रभारियों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का विश्वास है कि सभी के सहयोग से ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभायात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया