हिसार : निगम अधिकारियों का इम्तिहान शुरू, सफाई से जुड़े कर्मियों की छुट्टियां रद्द

 


शहर में स्वच्छता

सर्वेक्षण शुरु, टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में जांची व्यवस्थाएं

रैंकिंग

में अव्वल लाकर साल भर की कसरत सफल करने की कवायद में अधिकारी

निगम आयुक्त ने

बैठक लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश

हिसार, 29 मई (हि.स.)।

शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नेशनल टीम के हिसार पहुंचने के साथ ही नगर निगम

का इम्तिहान शुरू हो गया है। टीम को लगभग दो सप्ताह तक यहां रुकना है। शहर को स्वच्छता

में अव्वल लाकर अधिक अंक लेने के लिए नगर निगम ने ऐडी चोटी का जोर लगाना शुरू कर दिया

है लेकिन पिछले दिनों हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से फैली गंदगी से निगम अधिकारी

घबराए हुए हैं। निगम अधिकारियों का प्रयास है कि स्वच्छता रैंकिंग में हिसार को अव्वल

नंबर पर लाया जाए ताकि पिछले काफी दिनों से चल रही उनकी कसरत सफल हो सके।

बताया जा रहा है

कि स्वच्छता सर्वेक्षण नेशनल टीम ने सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। टीम ने शुक्रवार को

शहर के वार्ड 19 व 20 सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा किया और सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं

का जायजा लिया।

सर्वेक्षण के दौरान टीम सार्वजनिक स्थानों की सफाई, शौचालयों की दशा,

एसटीपी सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेगी। इन व्यवस्थाओं में निगम कितना खरा उतरता

है, उसी हिसाब से निगम को सर्वेक्षण में नंबर मिलेंगे। अपने प्रयासों का ब्यौरा रखते

हुए निगम अधिकारी भी टीम को बताएंगे कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए धरातल पर क्या

काम हुए हैं। इन्हीं दावों के आधार पर सर्वे टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों का गुप्त

और जमीनी निरीक्षण करेगी।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय सर्वेक्षण टीम बिना किसी पूर्व

सूचना के रिहायशी इलाकों, सार्वजनिक शौचालयों, कमर्शियल मार्केट और डंपिंग पॉइंट का

निरीक्षण करेगी। इसके अलावा सफाई व अन्य व्यवस्थाओं बारे टीम आम जनता से भी फीडबैक

लेगी।

स्वच्छता सर्वेक्षण

की टीम के हिसार पहुंचने के साथ ही सफाई कर्मचारियों की परीक्षा भी शुरू हो गई है।

सेनिटेशन से जुड़े सभी स्टाफ व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे काम में लापरवाही

न बरतें, किसी तरह का कोई अवकाश न लें। मुख्य सफाई एजेंसी ने शहर के प्रमुख रिहायशी

और व्यावसायिक इलाकों में ताकत झोंक दी है। सेक्टर 1-4, सेक्टर 3-5, सेक्टर 14 पार्ट-2,

सेक्टर 33 और शहर की मुख्य कमर्शियल मार्केट में सफाई का विशेष जिम्मा एजेंसी को सौंपा

है। इन सेक्टरों की सूरत बदलने के लिए 250 से अधिक अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों टीम मैदान

में उतारी है। एजेंसी का अब मैकेनाइज्ड और मैन्युअल रोड स्वीपिंग (सड़कों की सफाई)

के साथ शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पर फोकस है।

सर्वेक्षण टीम के

पहुंचने के साथ ही निगम अधिकारी भी एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। अधिकारियों ने चेताया

है कि सर्वे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सेक्टर्स

और बाजारों में एजेंसी के काम की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और कोई कमी दिखाई देने

पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के निर्देश देकर उसे दूर करवाया जा रहा है।

निगमायुक्त नीरज ने ली बैठक

स्वच्छता सर्वेक्षण

2025-26 की टीम के पहुंचने व सर्वेक्षण को देखते हुए निगम के मुख्य सभागार में निगमायुक्त

नीरज की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में स्वच्छता को लेकर

किए गए तथा वर्तमान में चल रहे कार्यों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करना रहा ताकि स्वच्छता

सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर सके। बैठक में अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के

प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक निर्देश

दिए गए। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक,

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़ी दोनों एजेंसियों के प्रतिनिधि, स्वच्छता सर्वेक्षण

टीम के सदस्य, जेई, एएसआई, सीटीएल प्रदीप जाखड़ तथा तकनीकी विशेषज्ञ जसबीर कुंडू आदि

मौजूद रहे।

सर्वेक्षण केवल

प्रतियोगिता नहीं, शहर को स्वच्छ बनाने का अभियान : नीरज

निगमायुक्त नीरज

ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण केवल एक

प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने का अभियान है। पिछले एक वर्ष

के दौरान नगर निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं, जिनमें

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, वॉल पेटिंग, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, कचरे के उचित निस्तारण

और जागरूकता अभियानों जैसे कार्य शामिल हैं।

केवल अव्वल आना

लक्ष्य नहीं

निगमायुक्त नीरज

ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य केवल सर्वेक्षण में अच्छा स्थान प्राप्त करना नहीं, बल्कि

शहर को स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा

कि प्रत्येक कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करें ताकि स्वच्छ हिसार का

सपना पूरा हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर