जींद : रात के अंधेरे में नप अमले ने उठाया शहर से कचरा
जींद, 24 अगस्त (हि.स.)। सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेरों को हटवाने के लिए प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से काम किया। नप अधिकारियों ने रातभर जेसीबी की सहायता से हटा दिया। बदबू न उठे, इसके लिए सफाई किए गए स्थान पर चूने का भी छिड़काव कर दिया। रविवार देर रात शुरू हुआ सफाई अभियान सोमवार सुबह तक जारी रहा। सफाई अभियान की कमान खुद डीएमसी अनिल दून संभाले हुए थे। जो पूरी टीम के साथ सुबह तक डटे रहे और मुख्य मार्गो से कूड़े के ढेरो से हटा कर चक्काचक कर दिया।
एक ही रात में नगर परिषद के अमले ने उन प्रमुख मार्गों को साफ कर दिया, जहां पिछले बीस दिनों से कचरा के ढेर जाम थे। बदबू के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रात भर चले सफाई अभियान के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील भुक्कल, एमई अमित, जेई पंकज और जय जैन लेखाकार अशोक सैनी सहित अन्य अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी सोमवार सुबह तक बने रहे। मौजूद रहे। अधिकारियों ने न केवल सफाई कार्य की निगरानी की बल्कि अतिरिक्त कर्मचारियों और संसाधनों को मैदान में उतारकर अभियान को तेज गति दी। सुबह अभियान की भनक लगने पर हड़ताल कर रहे सफाई कर्मी विरोध मे उतर आए। जिसके बाद अभियान को रोक दिया गया।
नगर परिषद के कर्मचारी लगभग 20 दिनों से हड़ताल पर है। लगातार धरना दे रहे हैं। जिसका सीधा असर शहर की नियमित सफाई व्यवस्था पर पड़ा है। शहर मे सड़कों के साथ कचरे के ढेर लग गए थे। यहां तक की बाजार क्षेत्र में भी प्रभावित दिखाई दे रहे थे। लंबे समय तक कूड़े के ढेर लगने के कारण बदबू उठने लगी थी। जिससे बीमारी फैलने का खतरा भी मंडराने लगा था।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील भुक्कल ने कहा कि शहर को साफ रखना केवल नगर परिषद की ही नही बल्कि सभी नागरिको की जिम्मेदारी है। शहर की स्वच्छ बनाए रखने के लिए सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों को भी आगे आकर सहयोग करना चाहिए। रविवार को डीएमसी अनिल दून ने सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवी लोगों की बैठक भी ली थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा